कानपुर में गैस संकट गहराया: घंटों लाइन में खड़े लोग

  • कानपुर में रसोई गैस की भारी किल्लत, लोगों की परेशानी बढ़ी
  • एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें, तेज धूप में घंटों इंतजार
  • होम डिलीवरी के दावे फेल, जमीनी व्यवस्था पर उठे सवाल

कानपुर शहर में इन दिनों रसोई गैस की कमी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई इलाकों में गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। तेज धूप में घंटों इंतजार करने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

प्रशासन की ओर से होम डिलीवरी की व्यवस्था का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि पहले गैस बुकिंग के लिए लाइन में लगना पड़ता है और फिर सिलेंडर लेने के लिए अलग से इंतजार करना पड़ रहा है।

शहर के जेके मंदिर के पास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर शनिवार को भारी भीड़ देखने को मिली। लोग सुबह से गैस की गाड़ी का इंतजार करते रहे, लेकिन सप्लाई नहीं पहुंची, जिससे नाराजगी बढ़ गई।

गैस लेने आए सागर गोयल ने बताया कि उन्होंने 25 मार्च को गैस बुक कराई थी और अगले दिन DAC नंबर भी मिल गया था। इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। उनका आरोप है कि गैस ब्लैक में बेची जा रही है और अब एजेंसी द्वारा सोमवार को सप्लाई आने की बात कही जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button