- सीएसए से अभियान की शुरुआत
- 35.84 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
- 500 से अधिक स्थानों पर पौधरोपण
- 7 थीम आधारित वन विकसित
कानपुर। कानपुर में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से रविवार को वृहद वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) से की गई। जिले में एक ही दिन 35 लाख 84 हजार 556 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 500 से अधिक स्थानों का चयन किया गया है।
अभियान के तहत जिले में 7 थीम आधारित वन और 51 गोकुल वाटिकाएं विकसित की गई हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मेधावी छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
समारोह में स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय और एमएलसी अरुण पाठक ने सीएसए परिसर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।









