- EPFO ने शुरू किया विशेष अभियान
- 2009 से 2026 तक के पात्र कर्मचारियों को लाभ
- PF, पेंशन और बीमा की सुविधा
- नियोक्ताओं को भी विशेष राहत
कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के तहत ‘कर्मचारी नामांकन अभियान (EEC)-2026’ शुरू किया है। इस विशेष एकमुश्त अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है, जो अब तक ईपीएफओ से नहीं जुड़ सके थे।
किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
ईपीएफओ के अनुसार, 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2026 के बीच किसी संस्थान में नौकरी शुरू करने वाले और वर्तमान में कार्यरत ऐसे कर्मचारी, जो किसी कारण से ईपीएफ सदस्य नहीं बन पाए, इस अभियान का लाभ उठा सकेंगे। नियोक्ता ईपीएफओ के ऑनलाइन पोर्टल पर उनकी घोषणा कर उनका पंजीकरण करा सकते हैं।
पीएफ, पेंशन और बीमा का मिलेगा लाभ
पंजीकरण के बाद कर्मचारियों को भविष्य निधि (PF), कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) और कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा (EDLI) जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलेगा।
नियोक्ताओं को भी मिली राहत
अभियान के तहत यदि पहले कर्मचारियों के वेतन से ईपीएफ अंशदान नहीं काटा गया था, तो उस अवधि का कर्मचारी अंशदान उनसे नहीं वसूला जाएगा। हालांकि नियोक्ता को अपना अंशदान, उस पर देय ब्याज और प्रशासनिक शुल्क जमा करना होगा। साथ ही इस योजना के तहत पंजीकरण कराने वाले प्रतिष्ठानों पर पुराने मामलों में अलग से दंडात्मक कार्रवाई भी नहीं की जाएगी।
31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
यह विशेष अभियान 1 जुलाई 2026 से शुरू होकर 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर ने सभी प्रतिष्ठानों और नियोक्ताओं से पात्र कर्मचारियों का समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है। अभियान को सफल बनाने के लिए हेल्प डेस्क, जागरूकता कार्यक्रम और कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं।









