कानपुर। कानपुर में गंगा बैराज से शहर की करीब 8 लाख आबादी को होने वाली पेयजल आपूर्ति पिछले आठ दिनों से बाधित है। अब कंपनी बाग चौराहे के पास मुख्य पेयजल पाइपलाइन में एक और लीकेज मिलने से लोगों को कुछ दिन और जलसंकट का सामना करना पड़ सकता है। लीकेज की वजह से बैराज से पानी की आपूर्ति दोबारा रोक दी गई है।
कंपनी बाग चौराहे पर करीब 15 दिन पहले डॉट नाला क्षतिग्रस्त हो गया था। जलकल विभाग इसकी मरम्मत करा रहा था। इसी दौरान 1 अगस्त की शाम जलकल के काम के दौरान जल निगम की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद जल निगम शहरी को फूलबाग से लेकर शहर के दक्षिणी हिस्से के बड़े क्षेत्र की जलापूर्ति तत्काल बंद करनी पड़ी।
कई दिनों की मशक्कत के बाद हुई थी मरम्मत
2 अगस्त से जल निगम की टीम क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी थी। गड्ढे में लगातार पानी भरने के कारण काम में परेशानी आ रही थी। कई दिनों की मेहनत के बाद शुक्रवार 7 अगस्त को पाइपलाइन की मरम्मत पूरी कर ली गई।
इसके बाद विभाग ने जलापूर्ति बहाल करने की तैयारी की और गंगा बैराज से पानी छोड़ा गया। लेकिन टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन में एक और लीकेज सामने आ गया। इसके बाद पानी की आपूर्ति फिर रोकनी पड़ी।
इन इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित
आठ दिन से पानी की सप्लाई बाधित होने के कारण फूलबाग, परमट, गुमटी, किदवई नगर, गोविंद नगर, बर्रा, नौबस्ता समेत दक्षिण कानपुर के कई इलाकों में पेयजल संकट बना हुआ है।
लोगों को पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई मोहल्लों में सुबह से शाम तक पानी लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं।
नया लीकेज मिलने के बाद मरम्मत जारी
जल निगम शहरी के अधिशासी अभियंता (XEN) प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि नया लीकेज मिलने के कारण जलापूर्ति फिर बंद करनी पड़ी है। पाइपलाइन की मरम्मत का काम कराया जा रहा है। लीकेज ठीक होने के बाद ही बैराज से नियमित जलापूर्ति शुरू की जाएगी।
फिलहाल विभाग प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।









