
कानपुर । कानपुर शहर की वर्षों पुरानी ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने वाली बहुप्रतीक्षित गोल चौराहा से रामादेवी तक एलिवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास 25 मई को किया जाएगा। इस परियोजना का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari करेंगे।
इस संबंध में केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को सांसद देवेन्द्र सिंह भोले को फोन पर कार्यक्रम की जानकारी दी, जबकि सांसद रमेश अवस्थी को भी आधिकारिक पत्र भेजकर सूचित किया गया है।
988.30 करोड़ की लागत से बनेगा एलिवेटेड रोड
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 24 फरवरी 2026 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट के माध्यम से 988.30 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति की घोषणा की थी। यह एलिवेटेड रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पर यातायात दबाव कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।
लंबे समय से चल रही थी स्वीकृति प्रक्रिया
परियोजना को लेकर 20 दिसंबर 2025 को सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी एनएच के अभियंताओं ने वन एवं पर्यावरण विभाग के साथ-साथ रेल मंत्रालय से एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की।
डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को अंतिम मंजूरी के लिए लगभग एक साल से विभिन्न स्तरों पर प्रक्रिया चल रही थी। लखनऊ मुख्यालय से फाइल दिल्ली स्थित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजी गई थी, जहां तकनीकी जांच के बाद अंतिम स्वीकृति दी गई।
कानपुर को मिलेगी बड़ी राहत
यह एलिवेटेड रोड बनने के बाद गोल चौराहा से रामादेवी के बीच लगने वाला भारी ट्रैफिक जाम काफी हद तक खत्म हो जाएगा। हजारों वाहन चालकों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।









