आगरा। जनकपुरी महोत्सव में भगवान श्रीराम और माता जानकी के स्वागत के लिए भावना एस्टेट रोड पर भव्य जनक महल का निर्माण तेजी से चल रहा है। नेपाल के महल की तर्ज पर तैयार किए जा रहे इस महल में जोधपुर की स्थापत्य कला और आधुनिक रोशनी का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। महल को आकर्षक रूप देने के लिए कोलकाता से विशेष लाइटें मंगाई गई हैं और वहीं से आए कारीगर दिन-रात निर्माण कार्य में जुटे हैं।
महोत्सव क्षेत्र में इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को भव्य रूप देने के लिए करीब 25 से 30 प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। दो स्थानों पर झूले लगाने की तैयारी है, जबकि छह जगहों पर मुख्य झांकियां सजाई जाएंगी। इसके अलावा आतिशबाजी को भी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है।
300 फीट लंबा होगा मुख्य जनक महल
जनक महल का मुख्य मंच करीब 300 फीट लंबा, 150 फीट चौड़ा और 60 फीट ऊंचा होगा। मंच को कैंटिलीवर तकनीक से तैयार किया जा रहा है। इसकी खासियत यह है कि इसे बिना पिलर के बनाया जा रहा है, जिससे सामने मौजूद श्रद्धालुओं के दर्शन में किसी तरह की बाधा न आए।
मंच पर भगवान श्रीराम, माता जानकी और चारों भाइयों के स्वरूप विराजमान होंगे। इनके साथ राजा दशरथ, राजा जनक, उनकी रानियों और ऋषि-मुनियों के स्वरूप भी मंच पर रहेंगे।
मंच को रोशन करने के लिए विशेष फोकस लाइट लगाई जा रही हैं। निर्माण में करीब 6000 बल्ब और 3000 आयरन ट्रस का इस्तेमाल किया जा रहा है। लकड़ी, कपड़े और रोड आयरन से महल की संरचना तैयार की जा रही है। आयोजन समिति के अनुसार निर्माण में प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
62 कारीगर दिन-रात कर रहे काम
जनक महल की बनावट में राजस्थान के जोधपुर की स्थापत्य शैली की झलक दिखाई देगी। महल के झरोखों और बालकनी को इसी शैली में तैयार किया जा रहा है। इससे महल का स्वरूप पारंपरिक और भव्य दोनों नजर आएगा।
निर्माण और सजावट के लिए कोलकाता और बंगाल से करीब 62 कारीगर आए हैं। ये कारीगर नक्काशी, सजावट और लाइटिंग समेत अलग-अलग कामों में जुटे हुए हैं। दिन-रात चल रहे काम के बाद महल को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
रात में रोशनी से जगमगाएगा पूरा परिसर
जनक महल को खास तौर पर रात के समय आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। कोलकाता से मंगाई गई लाइटों के जरिए महल के अलग-अलग हिस्सों को रोशन किया जाएगा। झरोखों, बालकनी और मुख्य मंच पर विशेष प्रकाश व्यवस्था रहेगी।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/pratapgarh-chandra-prakash-kbc-5-lakh/
रात में महल की रोशनी के साथ आसपास का पूरा परिसर भी जगमगाएगा। आयोजन समिति की ओर से आतिशबाजी की भी विशेष तैयारी की जा रही है। इससे महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए आकर्षण और बढ़ने की उम्मीद है।









