- कानपुर के नरवल क्षेत्र की घटना
- परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का लगाया आरोप
- निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत
- पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की
कानपुर। कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र में 33 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने चाकू से अपना गला काट लिया था। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप
मृतका रुखसाना की शादी वर्ष 2009 में बांदा निवासी यासीन से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पति, सास, ससुर और देवर मानसिक एवं शारीरिक रूप से उसे प्रताड़ित करते थे। उनका कहना है कि 10 जनवरी 2025 को मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था और उसके जेवर व अन्य सामान भी अपने पास रख लिया गया।
तनाव में उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों के अनुसार, लगातार मानसिक तनाव में रहने के कारण रविवार सुबह करीब 4 बजे रुखसाना ने चाकू से अपने गले पर वार कर लिया। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।









