वाराणसी में शुरू हुआ ‘काशी सांसद रोजगार महाकुंभ-2025’

वाराणसी। ITI कॉलेज परिसर में मंगलवार से शुरू हुआ 2 दिवसीय रोजगार मेला ‘काशी सांसद रोजगार महाकुंभ-2025’ छात्रों और युवाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित हो रहा है। पहले दिन 4523 अभ्यर्थियों को नौकरी मिली, जिनमें 28 अभ्यर्थियों का चयन विदेश की कंपनियों में किया गया।

इस मेले में कुल 14408 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। देश और विदेश की 188 नामी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया और योग्यता के मानक पर खरे उतरने वालों को नौकरी के ऑफर दिए।

अभ्यर्थियों की रूचि और चयन

सबसे ज्यादा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और सुरक्षा गार्ड क्षेत्रों में आवेदन हुए। प्रशासन का दावा है कि इस बार मेले के माध्यम से 27 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।

खलीक अहमद ने बताया, “हम आज रोजगार मेले में दूसरे दिन आए हैं। मैं अकाउंटेंट की नौकरी ढूंढ रहा हूँ। हमने MSC किया है, लेकिन यहां ज्यादातर आईटीआई और ग्रुप डी टाइप की नौकरियां ही मिल रही हैं। हमारी योग्यता के अनुसार मौके सीमित हैं।”

देश-विदेश की कंपनियों की भागीदारी

मेले में आईटी, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, सुरक्षा, टेक्सटाइल, सेल्स-मार्केटिंग, रियल एस्टेट सहित विभिन्न सेक्टरों की बड़ी कंपनियों के स्टॉल लगे हैं।
इसके अलावा, UAE, दुबई, ओमान और शारजाह की इंटरनेशनल कंपनियों ने भी अपने प्रतिनिधि भेजकर इंटरव्यू लिए।

प्रशासन की सुविधाएं

जिला प्रशासन और सेवायोजन विभाग ने छात्रों और अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई। इससे छात्र सीधे स्टॉल पर पंजीकरण कर इंटरव्यू देने में सक्षम हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button