- छात्र आंदोलन में तोड़फोड़ पर सपा पर साधा निशाना
- दोषी छात्रों को माफी, अपराधियों पर होगी कार्रवाई
- अखिलेश यादव के आरोपों का दिया जवाब
- पेपर लीक संशोधन बिल पर चर्चा का किया स्वागत
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को प्रयागराज में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिंसा छात्रों ने नहीं, बल्कि छात्रों की आड़ लेकर सपा के लोगों ने की है। यदि किसी छात्र से कोई गलती हुई भी होगी तो सरकार ने उसे माफ करने का भरोसा दिया है, लेकिन अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति छात्रों की आड़ में राजनीतिक दुश्मनी निकालने या भाजपा पर हमला करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों को सजा मिलेगी।
अखिलेश यादव पर पलटवार
तोड़फोड़ के आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया पर केशव मौर्य ने कहा कि जब भी गुंडों और माफियाओं पर कार्रवाई होती है तो उसका सबसे ज्यादा दर्द समाजवादी पार्टी को होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस सबूतों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
10 आरोपी गिरफ्तार
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 25 जुलाई को हुए उपद्रव के मामले में पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं और अब तक 10 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जांच आगे भी जारी रहेगी।
पेपर लीक बिल का किया समर्थन
संसद में पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक पर चर्चा का स्वागत करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि पेपर लीक देश की गंभीर समस्या है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह इस महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा में बाधा डाल रहा है। उनका कहना था कि इस मुद्दे पर राजनीति से ऊपर उठकर समाधान निकालना चाहिए, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।









