कुंभ ‘वायरल गर्ल’ केस में नया मोड़: पति ने बताया गर्भवती

नई दिल्ली/कोच्चि। प्रयागराज महाकुंभ से सुर्खियों में आई ‘वायरल गर्ल’ का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस बार उसके पति फरमान खान ने दावा किया है कि उसकी पत्नी गर्भवती है, जिसके चलते वह यात्रा करने और पुलिस के सामने पेश होने की स्थिति में नहीं है।

कोच्चि पहुंची मध्य प्रदेश पुलिस से बातचीत में फरमान खान ने कहा कि डॉक्टरों ने उसकी पत्नी की सेहत और गर्भावस्था को देखते हुए बेड रेस्ट की सलाह दी है। हालांकि, पुलिस इस दावे की पुष्टि में जुटी है और स्थानीय प्रशासन से मेडिकल सर्टिफिकेट मांगने की तैयारी कर रही है।

यह मामला पहले से ही विवादों में घिरा रहा है। शुरुआत में इस शादी को ‘लव जिहाद’ से जोड़कर देखा गया, वहीं परिवार की ओर से युवती के नाबालिग होने का दावा भी किया गया। जांच के दौरान महेश्वर नगर परिषद द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र में भी कई विसंगतियां सामने आई थीं।

सरकारी अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, युवती की जन्म तिथि 30 दिसंबर 2009 दर्ज है। इस आधार पर 11 मार्च 2026 को शादी के समय उसकी उम्र करीब 16 साल 2 महीने 12 दिन थी, जो उसे नाबालिग बनाती है।

इस खुलासे के बाद प्रशासन ने 1 जनवरी 2008 की जन्म तिथि वाले पुराने प्रमाण पत्र को निरस्त करने के निर्देश भी दिए थे। फिलहाल, पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button