- कूमी कपूर ने फिल्म ‘इमरजेंसी’ के निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की
- आरोप है कि फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों में बदलाव किया गया है
- फिल्म के लिए उनकी किताब और नाम का बिना अनुमति के इस्तेमाल किया गया
नई दिल्ली। कंगना रनोट की हालिया फिल्म ‘इमरजेंसी’ एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार वरिष्ठ पत्रकार और लेखिका कूमी कपूर ने फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। उनका आरोप है कि फिल्म में उनकी किताब ‘द इमरजेंसी: ए पर्सनल हिस्ट्री’ के नाम का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया और ऐतिहासिक तथ्यों में भी बदलाव किया गया।
कूमी कपूर ने फिल्म ‘इमरजेंसी’ और उसके निर्माता मणिकर्णिका फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और नेटफ्लिक्स पर उनके नाम और किताब के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। उनका कहना है कि फिल्म के निर्माताओं ने उनकी किताब को आधार बनाकर फिल्म बनाई, लेकिन इसमें ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की गई है।
कपूर का आरोप है कि उनके और मणिकर्णिका फिल्म्स के बीच हुए अनुबंध के बावजूद फिल्म के निर्माताओं ने कई नियमों का उल्लंघन किया। अनुबंध में यह स्पष्ट किया गया था कि फिल्म के निर्माण में ऐतिहासिक तथ्यों के खिलाफ कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और किताब के प्रचार के लिए लेखिका की अनुमति लेना जरूरी होगा, लेकिन इन शर्तों का पालन नहीं किया गया।
कूमी कपूर ने आरोप लगाया कि निर्माताओं ने कानूनी नोटिस का जवाब नहीं दिया, जिसके बाद उन्होंने इस मामले में मुकदमा दायर किया। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के निर्माण के कारण उनके व्यक्तिगत, पेशेवर और वित्तीय नुकसान हुए हैं, और उन्होंने इसके लिए मुआवजे की मांग की है।








