लखनऊ में दिवाली से पहले बड़ी कार्रवाई: नगराम में ढाई क्विंटल पटाखे बरामद

  • नगराम थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी छापेमारी
  • घर में बन रहे थे सुतली बम और रॉकेट
  • बाजारों में बेचने की कर रहे थे तैयारी

लखनऊ। दिवाली से पहले लखनऊ पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की है। नगराम थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापा मारकर ढाई क्विंटल से अधिक पटाखे बरामद किए हैं। इस दौरान दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद पटाखों में सुतली बम, रॉकेट और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है।

घर में बन रहे थे पटाखे

नगराम थाना क्षेत्र के एक मकान में पुलिस ने एसीपी रजनीश वर्मा के नेतृत्व में दोपहर में छापा मारा। पुलिस को मौके से कई बोरों में भरे सुतली बम और रॉकेट मिले। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था।

बाजारों में बेचने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन पटाखों को स्थानीय बाजारों में बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और इसमें कितने लोग शामिल हैं।

त्योहारों से पहले सख्त हुई पुलिस

एसीपी रजनीश वर्मा ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध पटाखा निर्माण और बिक्री पर सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना या अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Back to top button