वाराणसी में कांवरियों को कार ने रौंदा, एक की मौत; 3 घायल

मार्कंडेय महादेव जा रहे श्रद्धालुओं को मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, CCTV से वाहन की तलाश

वाराणसी। वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर सोमवार सुबह कांवरियों का जत्था हादसे का शिकार हो गया। चौबेपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विश्राम कर रहे कांवरियों से जा टकराई। हादसे में एक कांवरिए की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।

सड़क किनारे विश्राम कर रहे थे कांवरिए

शहर के कालभैरव इलाके के रहने वाले श्रद्धालु 30-30 लीटर गंगाजल की कांवर लेकर मार्कंडेय महादेव मंदिर दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। सुबह यात्रा के दौरान कुछ कांवरिए हाईवे किनारे विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उन्हें अपनी चपेट में ले गई।

एक श्रद्धालु की मौत, तीन घायल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने विनीत तिवारी (25), पुत्र विनोद तिवारी, निवासी कालभैरव, वाराणसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं आशीष चौधरी, रितेश पासी और सागर का उपचार जारी है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

हाईवे पर हादसा होने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।

CCTV से कार की तलाश

पुलिस हादसे के बाद मौके से फरार कार की तलाश में जुटी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button