मेरठ में मंगलवार देर रात एक लड़की को XUV कार से जबरन उठाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। घटना ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जहां कुछ बदमाश कथित तौर पर कार से पहुंचे और लड़की को घसीटकर वाहन में बैठा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़की के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर स्कूटी सवार युवकों ने कार का पीछा किया। इस दौरान पीछा कर रहे लोगों का कहना है कि बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से तेज रफ्तार में कार भगाई और इस दौरान स्कूटी को टक्कर भी मार दी। इसके बाद कार और तेज गति से फरार हो गई।
युवकों ने दावा किया कि पीछा करने के दौरान कार का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर से लड़की की मदद की गुहार की आवाजें आ रही थीं। हालांकि तेज रफ्तार के कारण वे रिठानी तक ही पीछा कर सके, जिसके बाद कार परतापुर की ओर चली गई।
एक प्रत्यक्षदर्शी रोहित कपूर, जो ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष हैं, ने बताया कि वे अपने साथी के साथ ऑफिस से घर लौट रहे थे, तभी लोगों ने आवाज लगाई कि “लेडीज उठा ली, पकड़ो-पकड़ो।” इसके बाद उन्होंने कार का पीछा किया और स्कूटी किसी तरह बचाकर साइड की। उन्होंने दावा किया कि कार का नंबर DL से शुरू होकर 7060 पर खत्म हो रहा था, जबकि बीच के अंक स्पष्ट नहीं हो पाए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस ने किडनैपिंग की पुष्टि से इनकार किया है और कहा है कि कार बरामद होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।









