- सुबह की हल्की बारिश से मिली राहत
- दिन में तेज बारिश और 50 किमी/घंटा की हवाओं की संभावना
- 30 जून तक रहेगा बादलों का डेरा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कई हिस्सों में बुधवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे उमसभरी गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने दिनभर तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। आसमान में बादलों का डेरा बना हुआ है और ठंडी हवाएं चल रही हैं।
दिन में तेज बारिश की संभावना, आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में आज दिन में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तूफानी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
30 जून तक मौसम रहेगा बदला-बदला
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 जून तक लखनऊ में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान शहर में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम और कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं। दिन के समय हल्की उमस रह सकती है, लेकिन बारिश राहत देती रहेगी।
मंगलवार को भी गर्मी ने किया परेशान
मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर अधिकतम 92% और न्यूनतम 79% रहा। उमसभरी गर्मी ने लोगों को खासा परेशान किया, लेकिन बुधवार की सुबह की बारिश से राहत मिली है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और बारिश से सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखने और खुले इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।








