जीवित महिला को रिकॉर्ड में मृत दिखाया, महीनों से नहीं मिला राशन

जहांगीरगंज ब्लॉक का मामला, विभागीय लापरवाही पर उठे सवाल

अम्बेडकर नगर के आलापुर तहसील क्षेत्र में एक गंभीर प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। जहांगीरगंज विकासखंड के देवरिया पंडित गांव में एक महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज कर दिया गया। जबकि महिला जीवित है। इस गलती के कारण परिवार को महीनों से राशन नहीं मिल पा रहा है।

राशन कार्ड नहीं बन पा रहा, परिवार संकट में

जानकारी के अनुसार, शारदा पत्नी योगेंद्र राशन कार्ड की मुखिया हैं। खाद्य एवं रसद विभाग के अभिलेखों में उन्हें मृत दर्शा दिया गया है। इसी वजह से नया राशन कार्ड नहीं बन पा रहा और परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ नहीं ले पा रहा है।

परिवार का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार प्रयास के बावजूद राशन नहीं मिलने से परिवार को खाद्यान्न संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही और रिकॉर्ड अपडेट न होने से गरीब परिवार योजनाओं से वंचित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

अधिकारियों ने सुधार का दिया आश्वासन

खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि आधार कार्ड कई योजनाओं से लिंक रहता है। संभव है कि किसी स्तर पर त्रुटि हो गई हो। संबंधित परिवार से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button