उन्नाव। पुलिस लाइन सभागार में रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, निरीक्षक और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और महिला अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थानों में सक्रिय शातिर और अभ्यस्त अपराधियों को चिन्हित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने के आदेश दिए। साथ ही गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एसएसपी ने अवैध शराब, अवैध हथियार, जुआ, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को अधिकतम सजा दिलाई जाए।









