कम नंबर या दबाव? 16 साल के छात्र ने क्यों उठाया ऐसा कदम

क्या हुआ कमरे के अंदर और कैसे सामने आई पूरी घटना

  • हाईस्कूल के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान
  • कम अंक आने के बाद परिजनों की डांट से था परेशान
  • कमरे का दरवाजा बंद कर उठाया खौफनाक कदम

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय छात्र ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र ने सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में कम अंक आने और पारिवारिक दबाव के चलते यह कदम उठाया।

मृतक की पहचान जीत कुमार (16) के रूप में हुई है। वह मेमौरा छावनी रोड स्थित एयरफोर्स से रिटायर्ड रंजीत कुमार का बेटा था। बताया जा रहा है कि जीत ने हाल ही में सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा दी थी, जिसमें अपेक्षा से कम अंक आने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

परिजनों के अनुसार, परिणाम आने के बाद उसे मोबाइल का कम उपयोग करने की सलाह दी गई थी। इसी बात से नाराज होकर उसने गुरुवार शाम अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

कुछ देर बाद कमरे से किसी चीज के गिरने की आवाज आई, जिस पर परिजन तुरंत वहां पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे किसी तरह खोलकर जब वे अंदर पहुंचे तो देखा कि जीत ने पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली थी।

परिजन आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर मेमौरा छावनी स्थित एयरफोर्स के सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में कम अंक और पारिवारिक डांट को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button