
- देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का असर
- यूपी और विदर्भ में तापमान 47°C पार
- खजुराहो और नौगांव भी सबसे गर्म शहरों में शामिल
- पंजाब में स्कूल और दफ्तरों का समय बदला
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर-पश्चिम भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्य गर्म हवाओं की चपेट में हैं। वहीं पश्चिम और मध्य भारत में गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गर्मी का सबसे खतरनाक दौर चल रहा है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को उत्तर प्रदेश का बांदा और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। यहां लगातार आठवें दिन तापमान 47°C से ऊपर दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के खजुराहो में 47.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि नौगांव में पारा 46.8°C तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों और स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब सरकारी स्कूल और दफ्तर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे। वहीं चंडीगढ़ के स्कूलों में समर कैंप के दौरान आउटडोर गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।









