LSG ने हसरंगा और नॉर्टजे को खरीदा
प्रशांत वीर बने IPL के सबसे महंगे खिलाड़ी
शमी और अर्जुन तेंदुलकर पहले से टीम में शामिल
नई दिल्ली। IPL 2026 के 19वें सीजन का मिनी ऑक्शन अबू धाबी में चल रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने श्रीलंका के ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे को 2-2 करोड़ रुपए में टीम में शामिल किया है। इससे पहले हसरंगा राजस्थान रॉयल्स और नॉर्टजे केकेआर के लिए खेलते थे।
अमेठी के युवा प्रशांत वीर बने सबसे महंगे खिलाड़ी
यूपी के युवा क्रिकेटर प्रशांत वीर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा है। उन्हें टीम में रविंद्र जडेजा के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया है। अमेठी के संग्रामपुर विकास खंड के सहजीपुर निवासी प्रशांत वीर की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन
प्रशांत वीर ने यूपी टी-20 लीग में नोएडा सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 36 गेंदों पर 52 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए थे, जिससे उनकी बल्लेबाजी की छवि मजबूत हुई।
LSG की टीम रणनीति
मिनी ऑक्शन से पहले LSG ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर को टीम में शामिल किया था। मिनी ऑक्शन में कुल 350 खिलाड़ियों की बोली लगाई जा रही है। LSG के पास ₹22.95 करोड़ का पर्स है और टीम चार विदेशी खिलाड़ियों को रख सकती है।








