
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बजट में राजधानी लखनऊ को बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश के वित्त मंत्री द्वारा पेश बजट में लखनऊ के समग्र विकास के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपए के बजट का प्रस्ताव किया गया है। इस बजट में पर्यटन, स्वास्थ्य, उद्योग और रोजगार सृजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल किए गए हैं।
कुकरैल नाइट सफारी के लिए 207 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट कुकरैल नाइट सफारी को बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस परियोजना के लिए 207 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। कुकरैल नाइट सफारी को करीब 2027 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 1510 करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं।
सरकार इससे पहले भी पिछले बजट में इस परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपए जारी कर चुकी है। सरकार का कहना है कि यह नाइट सफारी सिंगापुर की तर्ज पर विकसित की जाएगी और इसके शुरू होने से पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल को मिलेगा 50 करोड़ का फंड
बजट में लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल के विकास के लिए 50 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित की गई है। इससे स्थल के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।
जियामऊ कैंसर संस्थान के लिए 315 करोड़ रुपए
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए जियामऊ स्थित कैंसर संस्थान के लिए 315 करोड़ रुपए का बजट दिया है। इससे कैंसर मरीजों को अत्याधुनिक इलाज और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।








