लखनऊ में बढ़ी गर्मी, अगले 5 दिन में 42 डिग्री पार करेगा तापमान

तेज धूप और लू से लोग बेहाल, 23 जून तक लखनऊ पहुंच सकता है मानसून

लखनऊ। लखनऊ में शनिवार को तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

आज अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को सामान्य से ज्यादा रही उमस

शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक था।

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम आर्द्रता 78 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 39 प्रतिशत रही। उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।

26 मई को केरल पहुंच सकता है मानसून

अतुल कुमार सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक 2026 का मानसून 26 मई को केरल के तट पर पहुंच सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ेगा।

गोरखपुर के रास्ते यूपी में एंट्री

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री सबसे पहले गोरखपुर के रास्ते होने की संभावना है। इसके बाद मानसून 23 जून के आसपास लखनऊ पहुंच सकता है।

फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप और लू से बचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button