
लखनऊ : लखनऊ में दो दिन तक मौसम सुहाना रहने के बाद बुधवार सुबह से एक बार फिर तेज धूप निकल आई। आसमान साफ रहने के बावजूद कुछ इलाकों में हल्के बादल दिखाई दिए, लेकिन हवा लगभग नहीं चलने से लोगों को उमसभरी गर्मी का एहसास होने लगा।
तापमान में बढ़ोतरी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोपहर के समय गर्मी और उमस का असर अधिक महसूस किया जा सकता है।
मंगलवार को सामान्य से कम रहा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 11.4 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम रहा।
बारिश और नमी का असर
सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक शहर में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद वातावरण में नमी काफी बढ़ गई। अधिकतम आर्द्रता 91 प्रतिशत और न्यूनतम 66 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई, जिसके चलते मौसम में चिपचिपाहट बनी हुई है।
हल्की बूंदाबांदी की संभावना
मौसम केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आज शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है। हालांकि दिन के समय धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।









