- बसंतकुंज योजना के तहत बनेगा लखनऊ का पहला आयुर्वेद पार्क
- पार्क में वाटर बॉडी, ओपन जिम, वेद लाइब्रेरी और बच्चों के लिए प्ले एरिया
- औषधीय पौधों की 24 से अधिक प्रजातियां लगाई जाएंगी
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) शहरवासियों को प्राकृतिक स्वास्थ्य और आयुर्वेद से जोड़ने के लिए एक अनूठी पहल करने जा रहा है। बसंतकुंज योजना के तहत राजधानी का पहला आयुर्वेद पार्क विकसित किया जा रहा है, जो करीब 6.5 एकड़ भूमि पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा।
LDA के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
पार्क की खास विशेषताएं
इस अत्याधुनिक आयुर्वेद पार्क में इन्ट्रेंस प्लाजा, कैंटीन, गजीबो, एम्फीथिएटर, वाटर बॉडी, पार्किंग और 1000 मीटर लंबा पाथवे शामिल होगा। इसके साथ ही किड्स प्ले एरिया, ओपन जिम और एक वेद लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी। पार्क में चरक, सुश्रुत और वाग्भट जैसे प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्यों की मूर्तियां भी स्थापित की जाएंगी।
औषधीय पौधों की शिक्षा देगा पार्क
यह पार्क केवल मनोरंजन नहीं बल्कि ज्ञान का केंद्र भी होगा। इसमें अंजीर, एलोवेरा, तुलसी, अश्वगंधा, गिलोय, हरड़, हल्दी जैसे दो दर्जन औषधीय पौधों की प्रजातियां लगाई जाएंगी। लोग इन पौधों के उपयोग और लाभ के बारे में जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
नजूल भूमि पर बनेगी नर्सरी और आम का बाग
बसंतकुंज के सेक्टर-डी में ग्रीन बेल्ट की गाटा संख्या-591 पर अवैध कब्जे हटाकर एक औषधीय पौधों की नर्सरी और आम का बाग विकसित किया जाएगा। यहां देशी व हाईब्रिड आम की लगभग 60 प्रजातियों का क्लस्टर तैयार किया जाएगा।
बरावन खुर्द में तैयार होगी नई आवासीय योजना
बसंतकुंज के सेक्टर-के अंतर्गत ग्राम बरावन खुर्द में 68,000 वर्गमीटर भूमि पर LDA की नई योजना विकसित की जाएगी। इसके लिए उपाध्यक्ष ने भूमि पर भौतिक कब्जा लेकर योजना की तैयारी के निर्देश दिए हैं।
जॉगर्स पार्क को मिलेंगी नई सुविधाएं
हरदोई रोड स्थित जॉगर्स पार्क में अब योगा हट बनाई जाएगी। साथ ही टॉयलेट ब्लॉक, बाउंड्री वॉल की मरम्मत और पाथवे का नवीनीकरण किया जाएगा। पार्क की कैंटीन संचालन के लिए दो सप्ताह में आरएफपी जारी की जाएगी।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी होगा विकास
LDA उपाध्यक्ष ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां सिंथेटिक ट्रैक और सुरक्षा के लिए बोलार्ड लगाए जाएंगे। बारिश से पहले पंपिंग स्टेशन का कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।








