सऊदी अरब में लखनऊ के युवक की दर्दनाक मौत, 15 दिन तक चला इलाज

लखनऊ। लखनऊ के निशातगंज निवासी शोएब पुत्र ताज मोहम्मद की सऊदी अरब में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह करीब 15 दिन पहले आग की घटना में गंभीर रूप से झुलस गए थे। अस्पताल में लगातार उपचार के बाद रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

परिजनों को उनकी मौत की सूचना फोन के जरिए दी गई, जिसके बाद घर में मातम छा गया।

एलपीजी गैस लाइन फटने से हुआ हादसा

परिवार के मुताबिक, जिस कमरे में शोएब रह रहे थे, वहां एलपीजी गैस लाइन फटने से हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पहले कुकर में धमाका हुआ, जिसके बाद गैस लाइन में आग लग गई और पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया।

इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है। बाराबंकी के सफदरजंग क्षेत्र निवासी शरीफ की भी इस हादसे में जान चली गई। दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

दो साल पहले गए थे नौकरी पर

शोएब दो साल पहले ड्राइवर की नौकरी करने सऊदी अरब गए थे। परिवार के अनुसार, वह 7 मार्च को घर लौटने वाले थे। उनके आने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इससे पहले ही यह दुखद खबर आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button