लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा

प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड गिरा; TTE समेत 3 घायल

  • चारबाग स्टेशन पर सुबह 8 बजे हुआ हादसा
  • टिन शेड गिरने से टीटीई और दो यात्री गंभीर रूप से घायल
  • स्टेशन रेनोवेशन के दौरान कमजोर हुआ था शेड का सपोर्ट

Charbagh Railway Station के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 8 बजे प्लेटफॉर्म का टिन शेड अचानक गिर गया, जिससे वहां मौजूद टीटीई और दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर तीनों घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के दौरान Howrah–Dehradun Express प्लेटफॉर्म पर पहुंच चुकी थी, लेकिन स्थिति को देखते हुए ट्रेन को आगे बढ़ने से पहले ही रोक दिया गया।

क्रेन से हटाया जा रहा टिन शेड

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। टिन शेड के गिरे हिस्से को हटाने के लिए क्रेन मंगवाई गई। अधिकारियों के मुताबिक शेड का करीब 60 से 70 फीट लंबा हिस्सा टूटकर नीचे लटक गया था।

उत्तर रेलवे के DRM सुनील कुमार ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

रेनोवेशन के दौरान कमजोर हुआ सपोर्ट

सूत्रों के मुताबिक चारबाग स्टेशन पर इन दिनों रेनोवेशन का काम चल रहा है। इसी वजह से प्लेटफॉर्म नंबर-4 को बंद किया गया था, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर-5 चालू था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिन पिलर्स और रेलिंग के सहारे टिन शेड लगा था, उन्हें कुछ हिस्सों में खोल दिया गया था। इससे टिन शेड का सपोर्ट कमजोर हो गया और वह अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

इंटरसिटी एक्सप्रेस निकलने के बाद हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से कुछ देर पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-5 से रवाना हुई थी। अधिकांश यात्री ट्रेन में सवार होकर जा चुके थे, इसलिए प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम थी। इसी दौरान अचानक टिन शेड टूटकर नीचे आ गिरा।

हादसे में टीटीई भूपेंद्र और दो यात्री अभिषेक व साहिल टिन शेड के नीचे दब गए। मौके पर पहुंचे RPF जवानों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और तीनों को बाहर निकाला।

टीटीई के दोनों पैर फ्रैक्चर

घायलों को तुरंत आलमबाग स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में टीटीई भूपेंद्र के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जबकि दोनों यात्रियों का भी इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button