लखनऊ। राजधानी के सीजी सिटी स्थित सीएसआई टावर में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। निरीक्षण के दौरान लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार समेत सात अधिकारी लिफ्ट में सवार थे। बताया जा रहा है कि लिफ्ट सातवीं मंजिल पर पहुंचते ही अचानक झटके खाने लगी और सरसराते हुए नीचे आ गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी अधिकारी को चोट नहीं आई। कुछ देर तक सभी अफसर लिफ्ट में फंसे रहे, जिससे टावर परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही इंजीनियर और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, एलडीए की ओर से सीजी सिटी में आईएएस अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे 14-14 मंजिला दो टावरों का निरीक्षण किया जा रहा था। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ‘बी’ ब्लॉक का जायजा लेने चीफ इंजीनियर मानवेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवीनत कुमार शर्मा और अन्य अधिकारियों के साथ 14वीं मंजिल पर जा रहे थे।
घटना के बाद निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। तकनीकी टीम लिफ्ट में आई खराबी की जांच कर रही है।








