खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: अंबेडकरनगर में एग्री जंक्शन सील

अंबेडकरनगर में खाद की कालाबाजारी और मिलावट पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग का अभियान तेज हो गया है। सोमवार को विभागीय टीम ने जिले के कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। बेवाना में योगेश वर्मा एग्री जंक्शन वन स्टॉप शॉप में भारी अनियमितताएँ सामने आने पर लाइसेंस निलंबित करते हुए दुकानदार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

619 बोरी खाद गायब, 33 बोरी अपडेट नहीं—निरीक्षण में बड़ा खुलासा

जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी के नेतृत्व में टीम ने बेवाना स्थित एग्री जंक्शन का निरीक्षण किया। आईएफएमएस पोर्टल पर एसएसपी खाद की 674 बोरी दर्ज थी, जबकि मौके पर सिर्फ 55 बोरी मिली। इस प्रकार 619 बोरी का भारी अंतर सामने आया।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में 33 बोरी डीएपी खाद भी मिली, लेकिन उसका रिकॉर्ड पोर्टल पर उपलब्ध नहीं था। अभिलेखों की जांच में भी अनियमितता की पुष्टि हुई।

टीम ने मौके से एक बोरी खाद का नमूना एकत्र कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा है। अनियमितताएँ गंभीर पाए जाने पर दुकान संचालक योगेश वर्मा पर कार्रवाई की गई और लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

महरुआ, भीटी, कटेहरी और मुख्यालय पर भी जांच तेज

कृषि विभाग की टीम ने बेवाना के अलावा महरुआ, भीटी, कटेहरी और जिला मुख्यालय स्थित उर्वरक एवं बीज भंडारों पर भी निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान स्टॉक मिलान, बिलिंग रिकॉर्ड, पोर्टल अपडेट और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया को कठोरता से परखा गया। विभाग का कहना है कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, हेराफेरी या गलत स्टॉक प्रविष्टि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button