विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर बड़ी कार्रवाई, पांच बच्चे बाल मजदूरी से मुक्त

पुलिस-प्रशासन और जन विकास संस्थान का संयुक्त अभियान, कई प्रतिष्ठानों में की गई जांच

अंबेडकरनगर। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जन विकास संस्थान ने पुलिस और प्रशासन के सहयोग से जिले में विशेष अभियान चलाकर पांच बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया। यह कार्रवाई जून माह में चलाए जा रहे बाल श्रम विरोधी ‘एक्शन मंथ’ के तहत की गई।

संस्थान की ओर से बाल मजदूरी की शिकायत वाले क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की पड़ताल की गई, जहां से पांच बच्चों को मुक्त कराया गया। बच्चों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है।

कई महीनों से कर रहे थे काम

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मुक्त कराए गए बच्चे पिछले कई महीनों से अलग-अलग प्रतिष्ठानों में कार्यरत थे। जांच के दौरान बच्चों से कराए जा रहे कार्यों और उनकी कार्य परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई गई। संबंधित मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार बच्चों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ पुनर्वास और अन्य निर्धारित सुविधाएं दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

जागरूकता अभियान में ग्रामीणों और अधिकारियों की भागीदारी

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जन विकास संस्थान ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान भी चलाया। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों, सामुदायिक नेताओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।

अभियान के दौरान लोगों को बाल श्रम निषेध कानून, बच्चों के अधिकार और शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बाल मजदूरी से जुड़े मामलों की सूचना संबंधित विभागों तक पहुंचाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button