
- 47 आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर
- 373 ड्राइविंग और 114 केमिस्ट लाइसेंस सस्पेंड
- चंडीगढ़ में 93 लाख की संपत्ति अटैच
जम्मू और कश्मीर में ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 28 दिनों में बड़ा एक्शन लिया गया है। पुलिस और प्रशासन ने ड्रग नेटवर्क से जुड़े 733 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि आरोपियों के 47 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की गई है।
यह अभियान मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए 100 दिन के एंटी-ड्रग अभियान के तहत चलाया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि अभियान का मकसद जम्मू-कश्मीर से नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करना है।
373 ड्राइविंग लाइसेंस और 114 केमिस्ट लाइसेंस सस्पेंड
ड्रग तस्करों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने 373 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इसके अलावा नियमों के उल्लंघन के आरोप में 114 केमिस्ट दुकानों के लाइसेंस भी सस्पेंड किए गए हैं।
सरकार ने ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े 180 आधार कार्ड भी डिएक्टिवेट कर दिए हैं। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
चंडीगढ़ में 93 लाख की संपत्ति अटैच
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ में करीब 93 लाख रुपए की संपत्ति अटैच की है। यह कार्रवाई NDPS एक्ट के तहत दर्ज एक मामले से जुड़ी है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 14 जनवरी 2026 का है, जब जम्मू के नरवाल स्थित राजीव नगर निवासी अरुण सिंह को नाका चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 5.61 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।
इसके बाद पुलिस ने NDPS एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आई संपत्तियों पर अब कार्रवाई की गई है।









