नवीन मंडी सिझौली में सब्जी व्यापारी का शव फंदे से लटका मिला

अम्बेडकरनगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के नवीन मंडी सिझौली शहजादपुर में मंगलवार सुबह एक सब्जी व्यापारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान अयोध्या जिले के सुभाष नगर निवासी 45 वर्षीय राजकुमार सोनकर पुत्र हरिलाल के रूप में हुई है। वह नवीन मंडी में सब्जी का व्यापार करते थे और अक्सर मंडी परिसर में ही रुकते थे।

दुकान के चैनल गेट से लटका मिला शव

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार मंगलवार सुबह जब मंडी खुली तो राजकुमार सोनकर का शव उनकी दुकान के चैनल गेट से फंदे के सहारे लटका देखा गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

घटनास्थल को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की स्थिति साफ होगी।

कर्ज से परेशान होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राजकुमार सोनकर आर्थिक दबाव में थे। उनके पुत्र गोलू ने पुलिस को बताया कि पिता ने कई लोगों से कर्ज लिया हुआ था और इसी को लेकर वह तनाव में रहते थे। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं अन्य कोई कारण तो घटना से जुड़ा नहीं है।

मंडी के अन्य व्यापारियों ने बताया कि राजकुमार नियमित रूप से व्यापार करते थे, लेकिन हाल के दिनों में वे कुछ चिंतित दिखाई देते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button