
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने बुधवार को कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी दी। Ashwini Vaishnaw ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि सरकार ने नए पर्यावरण लक्ष्यों (2030–35), मोडिफाइड UDAN योजना और इमिग्रेशन सिस्टम के आधुनिकीकरण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी है।
सरकार ने UDAN Scheme (UDAN 2.0) के लिए ₹28,840 करोड़ खर्च करने का फैसला लिया है। इस योजना के तहत देशभर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
इसी के साथ कैबिनेट ने IVFRT योजना को 31 मार्च 2031 तक बढ़ाने और ₹1,800 करोड़ की IVFRT 3.0 को मंजूरी दी है। इस योजना में AI, फेस रिकग्निशन, आधार आधारित पहचान और आईरिस स्कैनिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
पर्यावरण के मोर्चे पर मंत्री ने बताया कि भारत ने उत्सर्जन तीव्रता में 36% की कमी हासिल कर ली है। साथ ही 2030 के कुछ लक्ष्य 2025 से पहले ही पूरे कर लिए गए हैं। अब 2030–35 के नए लक्ष्य भी तय कर दिए गए हैं।
इससे पहले 18 मार्च को सरकार ने BHAVYA Scheme के तहत ₹33,660 करोड़ की लागत से 100 इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की मंजूरी दी थी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में बाराबंकी से बहराइच के बीच 4-लेन नेशनल हाईवे-927 के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है, जिस पर करीब ₹6,969 करोड़ खर्च होंगे।
सरकार का मानना है कि इन फैसलों से देश में इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।








