भोपाल। शहर के लालघाटी इलाके स्थित एलर कॉम्प्लेक्स में शनिवार-रविवार की देर रात भीषण आग लग गई। आग का पता रविवार सुबह उस समय चला, जब पास की एक इमारत के गार्ड ने कॉम्प्लेक्स से धुआं निकलता देखा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला एलर कॉम्प्लेक्स में छह रेस्टोरेंट संचालित हैं। आग दूसरी मंजिल पर स्थित ‘भोज इन’ रेस्टोरेंट के किचन में लगी, जो तीसरी मंजिल पर बना हुआ है। देखते ही देखते आग ने आसपास के हिस्सों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी गार्ड के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे इमारत की खिड़कियों से धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में उसे लगा कि यह रेस्टोरेंट के किचन से निकलने वाला सामान्य धुआं है, लेकिन कुछ ही देर बाद आग की लपटें दिखाई देने लगीं। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शहर के विभिन्न इलाकों से तीन वाटर टैंकरों सहित फायर ब्रिगेड की आठ दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग तक पहुंचने के लिए दमकलकर्मियों को इमारत की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग के दौरान सबसे बड़ा खतरा किचन में रखे चार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों से था। किसी बड़े विस्फोट की आशंका को देखते हुए दमकलकर्मियों ने प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में कई प्रतिष्ठान संचालित हैं, जिनमें मशहूर रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक दुकानें भी शामिल हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।









