
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया। दोनों आतंकी पहाड़ी इलाके में एक गुफा में छिपे हुए थे, जहां सुरक्षाबलों ने सटीक कार्रवाई कर उन्हें ढेर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, आतंकियों को बाहर निकालने के लिए सेना ने गुफा में ग्रेनेड से विस्फोट किया। इसके बाद एक आतंकी का शव गुफा के बाहर मिला, जबकि दूसरे का शव अंदर गहराई में पड़ा मिला। इस पूरे ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है।
टॉप कमांडर भी ढेर
इस मुठभेड़ में जैश का टॉप कमांडर रुबानी उर्फ अबू माविया भी मारा गया है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई वर्षों से इलाके में सक्रिय था और कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है।
मंगलवार शाम से जारी था एनकाउंटर
सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ मंगलवार शाम करीब 4 बजे शुरू हुई थी। इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद बुधवार को ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों के पास से आधुनिक हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इनमें—
- M4 कार्बाइन
- AK-47 असॉल्ट राइफल
- भारी मात्रा में गोलियां और विस्फोटक सामग्री
शामिल हैं।









