- वैकल्पिक मार्ग होने के बावजूद प्रशासन ने की अनदेखी
- पैदल चलना और दोपहिया वाहनों के लिए बना जोखिम भरा रास्ता
- शिकायतों के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं हुआ, विकास पर उठे सवाल
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में शामिल महानगर कॉलोनी की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। यह मार्ग टांडा रोड को इल्तिफातगंज मार्ग से जोड़ता है और हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख जरिया है। सड़क की जर्जर हालत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे और बरसात में उनमें भरा पानी यात्रियों के लिए जोखिम का कारण बन रहा है।
वैकल्पिक मार्ग होने के बावजूद उपेक्षित
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह मार्ग अकबरपुर बस स्टेशन के जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ता माना जाता है। रेलवे लाइन के समीप स्थित कॉलोनियों के सैकड़ों लोग प्रतिदिन इसी रास्ते से आना-जाना करते हैं। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन की अनदेखी से सड़क की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।
गड्ढों से भरी सड़क बनी हादसों की वजह
बरसात के मौसम में सड़क की हालत और खराब हो गई है। पानी भरने से गड्ढे नजर नहीं आते, जिससे राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। बाइक और साइकिल सवारों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बन चुका है। कई बार वाहन पलटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की नींद अब तक नहीं टूटी है।
पैदल चलना भी बना चुनौती
सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर पैदल चलने वालों पर पड़ रहा है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इस मार्ग पर चलने से कतराने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।








