पत्नी से विवाद के बाद तीन वर्षीय बेटे को साथ लेकर निकला युवक

रेलवे ट्रैक पर मिला शव-सुबह ट्रैकमैन ने देखा क्षत-विक्षत शव, जेब से मिले आधार कार्ड से हुई पहचान

अम्बेडकरनगर/मालीपुर। मालीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक शुक्रवार शाम पत्नी से विवाद के बाद अपने तीन वर्षीय बेटे को साथ लेकर घर से निकला था। घटना के बाद बच्चा रेलवे ट्रैक के पास रोता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सैरपुर उमरन और मालीपुर रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार सुबह ट्रैकमैन ने पटरियों के बीच एक शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल स्टेशन मास्टर को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान

मौके पर पुलिस ने शव की तलाशी ली। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सुलतानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के बक्सरा गांव निवासी आसमान के रूप में हुई। घटनास्थल के पास उसका तीन वर्षीय बेटा गोलू भी मिला, जो रो रहा था। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

शुक्रवार शाम घर से निकला था युवक

थाने पहुंची पत्नी प्रियंका ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आसमान अपने तीन वर्षीय बेटे गोलू को साथ लेकर घर से निकल गया। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह पुलिस से शव मिलने की सूचना मिली।

बच्चे ने बताई पूरी घटना

पुलिस के अनुसार, तीन वर्षीय गोलू ने बताया कि उसके पिता रातभर उसे लेकर झाड़ियों के पास बैठे रहे। सुबह होने पर उन्होंने उसे एक स्थान पर खड़ा किया और खुद रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गए। इसके बाद ट्रेन गुजर गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button