जयपुर की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग

3 की मौत; 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार आग मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आयशा नगर तलाई क्षेत्र स्थित आईटीआई कॉलेज के पास बनी पटाखा फैक्ट्री में लगी। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां, पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।

हादसे में झुलसे आजीम खान, नासीर खान, समीर खान, बिलाल और अब्दुल वाहिद को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक अधिकांश घायल 90 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि फैक्ट्री में मौजूद किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका है। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं मृतकों की संख्या और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद की जाएगी।

घटना के बाद फैक्ट्री के बाहर एक महिला बेसुध अवस्था में मिली। महिला का कहना है कि उसका पति फैक्ट्री में काम करता था और आग लगने के बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। परिजन अपने प्रियजनों की जानकारी के लिए अस्पताल और घटनास्थल के चक्कर काटते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button