मेरठ में युवक की हत्या के बाद बवाल

बुलडोजर लेकर आरोपी के घर पहुंची पुलिस

  • 22 साल के नितिन नागर की हत्या के बाद 500 लोगों ने शव रखकर लगाया जाम
  • परिजनों की मांग- आरोपियों का एनकाउंटर हो और घरों पर चले बुलडोजर
  • प्रशासन ने आरोपी सत्य उर्फ मिट्ठू के घर की रेलिंग तोड़ी, राज्यमंत्री ने पहुंचकर संभाला मोर्चा

मेरठ। मेरठ में 22 वर्षीय नितिन नागर की हत्या का मामला शनिवार को तूल पकड़ गया। पोस्टमॉर्टम के बाद सुबह जब नितिन का शव घर पहुंचा तो इकलौते बेटे को देखकर पिता की तबीयत बिगड़ गई। नितिन की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

शव रखकर करीब 500 लोगों ने लगाया जाम

सुबह करीब 7 बजे परिजनों के साथ करीब 500 लोगों ने हस्तिनापुर के गणेशपुर तिराहे पर नितिन का शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि जब तक आरोपियों के घर पर बुलडोजर नहीं चलता और उनका एनकाउंटर नहीं होता, तब तक वे मौके से नहीं हटेंगे। जाम के कारण मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

आरोपी के घर पहुंचा बुलडोजर

लोगों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन की टीम एक हत्यारोपी सत्य उर्फ मिट्ठू के घर बुलडोजर लेकर पहुंची। आरोपी के घर पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद बुलडोजर से मकान के आगे बनी रेलिंग तोड़ दी गई।

मौके पर एसपी देहात अभिजीत कुमार समेत पांच थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। कार्रवाई के बाद बुलडोजर टीम वहां से रवाना हो गई।

राज्यमंत्री ने पहुंचकर परिजनों को समझाया

मामले की जानकारी मिलने पर हस्तिनापुर विधायक और राज्यमंत्री दिनेश खटीक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की।

दिनेश खटीक ने हाथ जोड़कर लोगों को समझाया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रशासन ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button