मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी और बच्ची की ट्रक से कुचलकर मौत

  • संदहा चौराहे पर ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर
  • मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी और बेटी की मौत
  • महिला के पिता गंभीर रूप से घायल

वाराणसी। रविवार शाम वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर संदहा चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी और एक साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार नेवादा (चौबेपुर) निवासी मर्चेंट नेवी अफसर विवेक मौर्य की पत्नी कोमल मौर्या (31) और उनकी बेटी छोटी (1 वर्ष) अपने ननिहाल कोरउत (लोहता) जा रही थीं। उन्हें कोमल के पिता ज्ञानचंद बाइक से लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे संदहा चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक डिवाइडर से टकरा गई और मां-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं, जिन्हें ट्रक कुचलता हुआ निकल गया।

एक साल की नातिन का शव गोद में लेकर बिलख पड़ा दादा

हादसे के बाद का मंजर बेहद मार्मिक था। आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि घायल ज्ञानचंद अपनी नातिन का शव गोद में लिए जोर-जोर से रो रहे थे। वहीं कोमल का शव सड़क पर पड़ा था। पुलिस ने घायल को तुरंत दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया।

शव रखकर किया सड़क जाम, ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने डंपर चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी की। देखते ही देखते हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

स्थिति को देखते हुए मौके पर सारनाथ, चौबेपुर और शिवपुर थानों की पुलिस के साथ एसीपी सारनाथ विजय प्रताप और एसीपी कैंट नितिन तनेजा पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब छह घंटे तक चले इस जाम के बाद रास्ता साफ कराया गया।

शवों को भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, ट्रक चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना से इलाके में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।

Related Posts

IIT कानपुर में जूनियर टेक्नीशियन का शव फंदे पर मिला

कानपुर। Indian Institute of Technology Kanpur (IIT) में शनिवार को एक जूनियर टेक्नीशियन का शव उसके कमरे में पंखे से लटकता मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वैलेंटाइन डे की सुबह…

Continue reading
वाराणसी में शंकराचार्य का बयान

राजनीतिक प्रमाणपत्र से नियुक्ति से इनकार हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का जिक्र सपा और भाजपा दोनों पर साधा निशाना

Continue reading