
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामडीह सराय गढ़ा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पट्टाशुदा तालाब में एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान रामडीह सराय गढ़ा निवासी राम हरख (52) पुत्र बसंती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राम हरख गांव के ही पट्टाशुदा तालाब की कमेटी के सदस्य थे और नियमित रूप से तालाब की रखवाली का कार्य करते थे।
शुक्रवार शाम रखवाली के लिए गए थे तालाब
जानकारी के अनुसार राम हरख शुक्रवार की शाम तालाब की रखवाली करने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उन्हें आसपास तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह ग्रामीणों के साथ परिजन तालाब की ओर पहुंचे, जहां तालाब के किनारे उनका मोबाइल फोन और एक डंडा पड़ा मिला। इसके बाद तालाब में डूबने की आशंका गहराई।
नाव पलटने से डूबने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार राम हरख नाव पर बैठकर तालाब की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान नाव के असंतुलित होकर पलट जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे वह तालाब में गिर गए और बाहर नहीं निकल सके। आशंका के बाद मछुआ समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने तालाब में उतरकर खोजबीन की, जिसके बाद शव तालाब से बाहर निकाला गया।









