प्रयागराज में नाबालिग प्रेमिका की हत्या

बॉयफ्रेंड ने गला घोंटकर शव नहर किनारे फेंका

  • नाबालिग प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या
  • आरोपी ने शव नहर किनारे गड्ढे में छिपाया
  • 20 अप्रैल को घर से भगाकर ले गया था युवक
  • पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

प्रयागराज। प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए चाकू से भी कई वार किए और शव को शारदा नहर के पास गड्ढे में फेंककर ऊपर झाड़ियां डाल दीं।

जानकारी के मुताबिक आरोपी 20 अप्रैल को किशोरी को उसके घर से भगाकर ले गया था। उसी रात उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। अगले दिन 21 अप्रैल को लड़की की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।

गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर शव नहर किनारे छिपा दिया था।

इसके बाद पुलिस आरोपी को मौके पर लेकर पहुंची और उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button