स्विमिंग पूल के जीवन रक्षक पर अभद्रता का आरोप

सेना में तैनात पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी से की शिकायत

अम्बेडकरनगर। जलालपुर निवासी संजय ने जिला क्रीड़ा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर एकलव्य स्टेडियम के स्विमिंग पूल पर तैनात जीवन रक्षक पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
संजय ने बताया कि वह वर्तमान में भारतीय सेना में तैनात हैं। इसके साथ ही वह एथलेटिक्स, स्विमिंग और क्रिकेट में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी स्तर पर दो बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि अवकाश के दौरान वह अपने जूनियर खिलाड़ियों के संपर्क में रहते हैं और उन्हें मार्गदर्शन देते हैं।
उनके अनुसार बुधवार को वह एकलव्य स्टेडियम पहुंचे थे। यहां वह स्विमिंग पूल के पानी की गुणवत्ता देखने गए थे, ताकि वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों को स्वास्थ्य और तैयारी के संबंध में उचित सलाह दे सकें।
आरोप है कि स्विमिंग पूल गेट पर तैनात जीवन रक्षक वीरेंद्र कुमार निषाद ने पहले उन्हें अंदर जाने दिया, लेकिन कुछ देर बाद तेज आवाज में बुलाकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शिकायतकर्ता ने सेना के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का भी आरोप लगाया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी शीला भट्टाचार्य ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button