
- दिल्ली पुलिस ने एमपी के 3 युवकों को गिरफ्तार किया
- ISI से जुड़े होने का दावा
- ऐतिहासिक मंदिर और सैन्य कैंप को निशाना बनाने की साजिश
Delhi Police ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी Inter-Services Intelligence (ISI) से जुड़े होने के आरोप में मध्य प्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित ढाबे और हरियाणा के सैन्य कैंप को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीकमगढ़ जिले के नेगुवां निवासी अनमोल राय (24), ग्वालियर के डबरा निवासी राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीनों को उनके गांवों से गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई।
एसीपी स्पेशल सेल पीएस कुशवाहा के अनुसार, जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संदिग्ध ई-मेल मिले हैं। इसके अलावा ऑडियो और वीडियो कॉल रिकॉर्ड में संदिग्ध नंबरों से बातचीत के सबूत भी सामने आए हैं। पुलिस का दावा है कि सोशल मीडिया के जरिए संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें पाकिस्तान भेजी गई थीं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को इस कथित आतंकी साजिश में शामिल होने के बदले क्या फायदा मिला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक पहले दिल्ली में मजदूरी कर चुके हैं। तीनों की गिरफ्तारी शुक्रवार को हुई थी।









