आगरा। बारिश के मौसम में एमजी रोड पर जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर आगरा नगर निगम ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। निगम का आरोप है कि मेट्रो निर्माण के दौरान रोड किनारे बने केसी ड्रेन (कर्ब और चैनल ड्रेनेज सिस्टम) को आरसीसी से ढक दिया गया, जिससे बरसाती पानी की निकासी बंद हो गई। अब निगम ने उस आरसीसी को तोड़ना शुरू कर दिया है, ताकि जल निकासी की व्यवस्था को फिर से चालू किया जा सके।
UPMRC पर क्या हैं आरोप
नगर निगम के मुताबिक, मेट्रो परियोजना के दौरान सड़क चौड़ीकरण के नाम पर ड्रेनेज सिस्टम को बंद कर दिया गया, जिससे हल्की बारिश में भी एमजी रोड और इसके आस-पास सड़कों पर पानी भर जाता है। इससे न केवल आमजन को परेशानी हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
संजय प्लेस के पास सबसे ज्यादा खराब स्थिति
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि खासकर संजय प्लेस पीएल पैलेस के सामने स्थिति सबसे अधिक खराब रहती है। पानी निकासी का कोई रास्ता न होने के कारण सड़कें तालाब जैसी हो जाती हैं।
जल प्रवाह पूरी तरह से रुका
केसी ड्रेन, जो एमजी रोड सहित आसपास के इलाकों की मुख्य जल निकासी व्यवस्था थी, उसे आरसीसी से भर देने के कारण अब जल प्रवाह पूरी तरह से ठप हो गया है। थोड़ी सी बारिश भी अब स्थानीय नागरिकों के लिए मुसीबत बन जाती है।
नगर निगम की कार्रवाई शुरू
जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई की शुरुआत कर दी है। निगम की टीम ने आरसीसी को तोड़ने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। साथ ही सड़क किनारे बनी अन्य नालियों की भी विशेष सफाई कराई जा रही है ताकि जल निकासी फिर से सुचारु रूप से हो सके।








