प्रयागराज में एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या, इलाके में सनसनी

घर में घुसकर बुजुर्ग और दो महिलाओं की हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच।

प्रयागराज। जिले के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतकों में एक बुजुर्ग पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। वारदात सोमवार रात की बताई जा रही है, जबकि घटना का खुलासा मंगलवार सुबह हुआ।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65), अमरावती (58) और इंद्रावती (55) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने सिर पर किसी भारी वस्तु, संभवतः कुल्हाड़ी या लोहे की रॉड से हमला कर हत्या की है।

ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार सुबह जब लोग घर के बाहर से गुजरे तो उन्होंने दो महिलाओं को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर श्यामलाल का शव भी वहीं मिला। तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था।

घटना के समय घर में एक अन्य महिला सरस्वती भी मौजूद थीं, जो सुरक्षित मिलीं। बताया जा रहा है कि उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। सूचना मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और एसओजी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान ट्रैकर डॉग करीब 200 मीटर दूर एक संदिग्ध के घर तक पहुंचकर रुक गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button