- खातों को सार्वजनिक करने की अपील
- जवाबदेही तय करने की उठाई मांग
- चढ़ावा चोरी मामले में जांच जारी
- आरोपियों की पुलिस रिमांड का अंतिम दिन
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। दोनों नेताओं ने ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक करने और दोषियों की जवाबदेही तय करने की भी अपील की है।
पत्र में कहा गया है कि ट्रस्ट के गठन की घोषणा संसद में हुई थी, लेकिन इसके सदस्यों की नियुक्ति सरकार की ओर से की गई। उन्होंने लिखा कि ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
इधर, चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष की पुलिस रिमांड का रविवार को अंतिम दिन है। पुलिस शनिवार सुबह दोनों को जिला जेल से करीब 39 घंटे की रिमांड पर लेकर आई थी। देर रात तक दोनों से पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, रमाशंकर यादव मंदिर के दानपात्रों की देखरेख करता था, जबकि मनीष चढ़ावे की गिनती से जुड़े कार्य में शामिल था। जांच के दौरान पुलिस ने रमाशंकर के घर से एक लाख रुपये और मनीष के घर से दो लाख रुपये बरामद किए थे। इससे पहले इस मामले में छह अन्य आरोपियों से भी पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा चुकी है।









