- राजेसुल्तानपुर पुलिस ने पदुमपुर बाजार में हुई चोरी का किया खुलासा
- दो आरोपियों के कब्जे से मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
- एक आरोपी पहले उसी दुकान में करता था काम, अंदरूनी जानकारी से रची
पदुमपुर बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी का राजफाश करते हुए राजेसुल्तानपुर पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में पूरी साजिश की परतें खोल दी हैं। दोनों को शनिवार को जेल भेज दिया गया।
घटना 28 अगस्त की है जब पदुमपुर बाजार में स्थित मिथिलेश यादव की मोबाइल दुकान में नकब लगाकर चोरों ने लाखों रुपये के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया था। दुकान के शटर के पिछले हिस्से में नकब लगाकर चोर अंदर दाखिल हुए और बड़ी मात्रा में महंगे मोबाइल सेट, कवर, बैटरियां और चार्जिंग उपकरण चोरी कर ले गए।
दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार सुरागकशी के बाद पुलिस को सफलता शनिवार को मिली।
शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो युवक सिंघलपट्टी के सागवन के बगीचे के पास मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ गोस्वामी (20 वर्ष), निवासी बटेलीपुर थाना आलापुर, और रंजन (29 वर्ष), निवासी बभनपुरा थाना राजेसुल्तानपुर के रूप में हुई है।








