अहमदाबाद विमान हादसे में आगरा के नीरज और अपर्णा लवानिया की मौत

आगरा। गुरुवार को अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने आगरा के अकोला कस्बे के लवानिया परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में अकोला निवासी नीरज लवानिया और उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया की मौत हो गई। दोनों लंदन की 10 दिन की यात्रा पर जा रहे थे।

नीरज के बड़े भाई सतीश लवानिया ने बताया कि नीरज अहमदाबाद के वडोदरा इलाके में स्थित एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह कई वर्षों से परिवार सहित वहीं रह रहे थे। उनकी पत्नी अपर्णा के साथ यह उनका एक खास टूर था। दंपती की 15 साल की बेटी इस दौरान अपनी नानी के पास रह रही थी।

हादसे से पहले भाई से की थी आखिरी बात
सतीश लवानिया ने बताया कि गुरुवार सुबह 9 बजे नीरज ने एयरपोर्ट के रास्ते में उनसे फोन पर बात की थी। नीरज ने कहा था, “वापस आकर मिलते हैं।” लेकिन कुछ घंटों बाद हादसे की खबर मिली और संपर्क टूट गया। हेल्पलाइन नंबर पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली, केवल इतना बताया गया कि नीरज और अपर्णा की सीटें 38 और 39 नंबर पर थीं।

अहमदाबाद हादसे में 242 लोग थे सवार
गुरुवार दोपहर एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने 1:38 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन मात्र दो मिनट बाद 1:40 बजे वह क्रैश हो गई। विमान में कुल 242 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। हादसे में अब तक केवल एक यात्री — ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार — के जीवित बचने की पुष्टि हुई है। बाकी सभी की मौत हो चुकी है।

Back to top button