- नीरू बाजवा ने ‘सरदार जी 3’ से जुड़ी इंस्टा पोस्ट हटाईं
- रेडिट पर दावा- हानिया आमिर को किया अनफॉलो
- पुनीत इस्सर बोले- “देश पहले, दिलजीत को सोचना चाहिए”
मुंबई। दिलजीत दोसांझ की अपकमिंग पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 3’ विवादों के घेरे में है। इस विवाद की वजह फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त विरोध देखने को मिल रहा है। अब इसी बीच फिल्म की लीड एक्ट्रेस नीरू बाजवा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से ‘सरदार जी 3’ से जुड़ी सभी पोस्ट हटा दी हैं, जिससे बवाल और गहरा गया है।
क्या हुआ नीरू बाजवा के इंस्टा पर?
एक रेडिट यूजर ने ‘लॉलीवुडस्पेस’ नामक इंस्टा पेज की पोस्ट शेयर की, जिसमें दावा किया गया कि नीरू ने न सिर्फ फिल्म से जुड़े पोस्ट डिलीट किए बल्कि हानिया आमिर को अनफॉलो भी कर दिया। नीरू की लेटेस्ट पोस्ट अब उनकी अगली फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ से जुड़ी है। इस पर किसी ने सीधे कुछ नहीं कहा, लेकिन पोस्ट गायब होने से कयास और तेज़ हो गए हैं।
पुनीत इस्सर बोले- आत्म-सम्मान रखो दिलजीत
इस विवाद पर एक्टर पुनीत इस्सर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। ‘इंस्टेंट बॉलीवुड’ से बात करते हुए उन्होंने कहा—
“मैं देशभक्त हूं। देश पहले आता है। दिलजीत को पता होना चाहिए कि हमारे गुरुओं ने हमारे लिए क्या किया है। अगर उन्होंने हानिया के साथ फिल्म की है तो ये शर्म की बात है। आत्म-सम्मान सबसे ऊपर है।”
उन्होंने सीधे तौर पर गुरु गोविंद सिंह और गुरु तेग बहादुर के बलिदान का ज़िक्र करते हुए दिलजीत दोसांझ की आलोचना की।
गुरु रंधावा के ट्वीट से मचा बवाल, फिर डिएक्टिवेट किया X अकाउंट
फिल्म से जुड़े विवाद में सिंगर गुरु रंधावा ने भी अप्रत्यक्ष रूप से अपनी बात रखी। उन्होंने बिना दिलजीत का नाम लिए एक के बाद एक ट्वीट कर नाराज़गी जाहिर की:
-
“लाख परदेसी हो जाओ, अपना देश नहीं भूलना चाहिए।”
-
“अगर अब आपकी नागरिकता भारतीय नहीं भी है पर आप यहां पैदा हुए हो, तो ये मत भूलो।”
-
“PR टीम कलाकार से बड़ी न बन जाए, वरना हर महीने नया बवाल होगा।”
इन ट्वीट्स के बाद गुरु रंधावा ने अपना X अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया, जिससे कयास और तेज़ हो गए।
विवाद की जड़: पाकिस्तानी अभिनेत्री की कास्टिंग
‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अदाकारा हानिया आमिर की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध हुआ। कई यूज़र्स ने इसे भारत-पाक रिश्तों और राष्ट्रीय भावना से जोड़ते हुए कलाकारों की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।








