
- 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
- कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सघन जांच
- इलेक्ट्रॉनिक व अन्य कई वस्तुओं पर प्रतिबंध
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के 11 केंद्रों पर आयोजित होगी। इस परीक्षा में कुल 4848 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रवेश समय तय, देर से आने पर नहीं मिलेगी एंट्री
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। 1:30 बजे के बाद केंद्र के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर अभ्यर्थी की होगी जांच
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सख्त जांच होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।
इन वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा के दौरान कई वस्तुओं पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। अभ्यर्थी मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और पेन ड्राइव जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान साथ नहीं ला सकेंगे।इसके अलावा ज्यामिति बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, स्केल, इरेज़र, लिखित सामग्री और बैग भी प्रतिबंधित रहेंगे। बेल्ट, टोपी, बड़े चश्मे और धातु की वस्तुएं पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी।
खाने-पीने की चीजें और पानी की बोतल भी लाने की अनुमति नहीं है, केवल पारदर्शी बोतल ही मान्य होगी।









